* एम्स ऋषिकेश के एससी एसटी कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरने के साथ-साथ भूख हड़ताल पर भी बैठे*

ब्यूरो रिपब्लिक न्यूज़ 18/ उत्तराखंड / 19 अक्टूबर। ऋषिकेश-
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ऋषिकेश में (SC/ST) कर्मचारियों का अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना और भूख हड़ताल जारी है। ऑल SC & ST एम्प्लॉइज वेलफेयर एसोसिएशन के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन के संबंध में एसोसिएशन ने आज एक प्रेस वार्ता कर पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया गया कि भूख हड़ताल के तीसरे दिन तक संस्थान प्रशासन की ओर से आंदोलनरत कर्मचारियों के साथ वार्ता बे नतीजा रही कर्मचारियों ने पदोन्नति में आरक्षण के नियमानुसार अनुपालन, विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की प्रक्रिया की निष्पक्ष समीक्षा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई है।
एसोसिएशन के अनुसार, कर्मचारियों का यह आंदोलन 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित DPC प्रक्रिया और उससे संबंधित आदेशों को लेकर व्याप्त असंतोष के बाद तेज हुआ है। आंदोलनरत कर्मचारियों का कहना है कि पदोन्नति की प्रक्रिया में आरक्षण रोस्टर, Own Merit यानी स्वयं की योग्यता के आधार पर चयन से संबंधित सिद्धांतों तथा केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालयों और सक्षम प्राधिकरणों द्वारा जारी लागू दिशा-निर्देशों का नियमानुसार पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। एसोसिएशन ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर कर्मचारियों की शिकायतों का समाधान करने की मांग की है
एसोसिएशन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों में लोकेंद्र सिंह मीणा, दिनेश राठौर, दर्शन कुमार और युधिष्ठिर मीणा शामिल हैं। एसोसिएशन का कहना है कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। उनका उद्देश्य संस्थान में पदोन्नति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना है



